लखनऊ।राजधानी समेत पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के करीब 40 जिलों में आज बारिश, आंधी और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है, जहां हवा की रफ्तार 30 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पिछले 24 घंटों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का असर देखने को मिला। लखनऊ सहित करीब 10 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि अब मौसम का यह बदला मिजाज अगले चार दिनों तक जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने अंबेडकरनगर, अमेठी, अयोध्या, आजमगढ़, बागपत, गोरखपुर, बिजनौर, सहारनपुर, शामली, प्रयागराज, मेरठ, मऊ, मुजफ्फरनगर, सोनभद्र और वाराणसी समेत कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान सिर्फ बारिश ही नहीं, बल्कि आंधी के साथ ओलावृष्टि और बिजली गिरने की भी आशंका है, जिससे फसलों और जनजीवन पर असर पड़ सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए पहले से इंतजाम कर लें, वहीं आम लोगों को भी खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की जरूरत है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार दिनों तक प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहेगा। ऐसे में प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
मौसम का मिजाज बदला, यूपी के 40 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट


