उन्नाव। जनपद के बीघापुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे की सर्विस लेन पर लंबे समय से खड़े बिजली के पोल आखिरकार हटा दिए गए। यह कार्रवाई मीडिया में खबर प्रमुखता से दिखाए जाने के बाद की गई है।
बताया जा रहा है कि हाईवे निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी सर्विस लेन के बीचों-बीच कई विद्युत पोल खड़े रह गए थे, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। यह स्थिति दुर्घटनाओं को भी न्योता दे रही थी।
मामले को मीडिया, खासकर भारत समाचार द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद अधिकारियों ने संज्ञान लिया और तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पोल हटाने का काम शुरू कर दिया गया। इससे अब सर्विस लेन पर आवागमन सुचारू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई पर संतोष जताते हुए कहा कि अगर पहले ही ध्यान दिया जाता तो यह समस्या इतनी लंबी न खिंचती। फिलहाल, प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से लोगों को राहत मिली है।
सर्विस लेन से हटवाए गए बिजली के पोल


