कानपुर। शहर के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी के सुपुत्र शुभम अवस्थी को केंद्र सरकार ने एक साथ दो बेहद महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित जिम्मेदारियों से नवाजा है, जिससे पूरे शहर में खुशी और उत्साह का माहौल है।
महामहिम राष्ट्रपति के आदेश से जारी अधिसूचना के अनुसार, शुभम अवस्थी को देश की सर्वोच्च न्यायिक संस्था सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया में केंद्र सरकार के पैनल अधिवक्ता के रूप में नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि कानपुर के लिए भी सम्मान की बात मानी जा रही है।
यही नहीं, कानून मंत्रालय ने उन पर एक और बड़ी जिम्मेदारी जताते हुए उन्हें सेंट्रल एडमिनिस्ट्रेटिव ट्रिब्यूनल (कैट) की प्रिंसिपल बेंच, नई दिल्ली में सीनियर पैनल काउंसल नियुक्त किया है। यह पद प्रशासनिक और सेवा संबंधी मामलों में केंद्र सरकार का पक्ष रखने के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
कानूनी क्षेत्र में इस दोहरी उपलब्धि को युवा प्रतिभा की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। शुभम अवस्थी की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और प्रतिभा के दम पर युवा देश की शीर्ष संस्थाओं तक अपनी पहचान बना सकते हैं।
शहर में इस खबर के सामने आते ही बधाइयों का तांता लग गया। जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं और सामाजिक संगठनों ने इसे कानपुर के लिए गर्व का विषय बताते हुए शुभम अवस्थी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
यह उपलब्धि न केवल एक परिवार की खुशी है, बल्कि पूरे कानपुर के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है, जहां का एक युवा अब देश की शीर्ष न्यायिक संस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कानपुर का गौरव बढ़ा: शुभम अवस्थी को सुप्रीम कोर्ट और कैट में अहम जिम्मेदारियां


