34 C
Lucknow
Friday, May 22, 2026

पूर्व विधायक के घर धमाके की घटना पर सपा प्रतिनिधिमंडल का दौरा, निष्पक्ष जांच की उठी मांग

Must read

फर्रुखाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को नाला मछरट्टा स्थित पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में हुए धमाके की घटना की जमीनी हकीकत जानने के लिए मौके पर पड़ताल की और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
घटना को लेकर क्षेत्र में पहले से ही चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार इस धमाके में पूर्व विधायक के दो बेटे सहित कुल 8 लोग घायल हुए थे। हैरानी की बात यह रही कि पुलिस ने इस मामले में पूर्व विधायक पक्ष के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर लिया, जिससे सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल जब नाला मछरट्टा पहुंचा तो पूर्व विधायक के परिजन घर पर नहीं मिले। इसके बाद सपा नेताओं ने आसपास के दुकानदारों और स्थानीय निवासियों से बातचीत कर घटना की पूरी जानकारी जुटाई। स्थानीय लोगों ने घटना से जुड़ी विभिन्न बातें साझा कीं, जिसके आधार पर प्रतिनिधिमंडल ने अपनी रिपोर्ट तैयार की।
सपा महानगर अध्यक्ष राघव दत्त मिश्र ने बताया कि घटना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर पार्टी के प्रदेश कार्यालय को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है और इसकी निष्पक्ष जांच बेहद आवश्यक है।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि घटना की गहराई से जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी कहा गया कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष चन्द्रपाल सिंह यादव, पूर्व सांसद चन्द्रभूषण सिंह मुन्नू बाबू, पूर्व विधायक प्रताप सिंह यादव, जमालुद्दीन सिद्दीकी, उर्मिला राजपूत, अजीत कठेरिया, प्रदेश सचिव डॉ. नवल किशोर शाक्य, डॉ. जितेन्द्र सिंह यादव तथा सर्वेश अम्बेडकर सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article