लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ियों को सम्मान और जिम्मेदारी देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। इसी क्रम में आज राजधानी लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
इस कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे रिंकू सिंह को क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी (आरएसओ) के पद पर नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा। इसके साथ ही कुल छह अन्य खिलाड़ियों को भी विभिन्न पदों पर नियुक्ति दी जाएगी।
पैरा एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रवीण कुमार को उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के पद पर नियुक्त किया जाएगा। वहीं भारतीय हॉकी खिलाड़ी राज कुमार पाल को भी डीएसपी पद की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
लोक भवन में आयोजित इस समारोह में खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और इसे खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्रदेश सरकार का यह प्रयास न केवल खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि युवाओं को भी खेलों के प्रति प्रेरित करने में अहम भूमिका निभाएगा।
रिंकू सिंह को स्पोर्ट्स ऑफिसर की जिम्मेदारी, खिलाड़ियों को मिलेगा सम्मान


