फर्रुखाबाद। शुक्रवार को जनपद में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ा दी। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलती रहीं। कुछ ही देर बाद हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले गुरुवार देर रात भी जिले के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई थी।
शहर क्षेत्र में देर रात चली तेज हवाओं और बूंदाबांदी का असर शुक्रवार सुबह तक देखने को मिला, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में मौसम का असर और अधिक तीव्र रहा। खासकर नवाबगंज क्षेत्र में गरज-चमक के साथ तेज बारिश दर्ज की गई। इसी दौरान आकाशीय बिजली एक विद्युत उपकरण पर गिर गई, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया और क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। इसके चलते करीब 27 गांवों में अंधेरा छा गया और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास शुरू कर दिया।
मौसम में आए इस बदलाव से जहां आम जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहीं किसानों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। इस समय खेतों में गेहूं, सरसों और तंबाकू की फसलें तैयार खड़ी हैं, जबकि आलू की खुदाई का कार्य भी तेजी से चल रहा है। ऐसे में तेज हवाओं और बारिश के कारण गेहूं और सरसों की फसल गिरने का खतरा पैदा हो गया है, जिससे उत्पादन पर असर पड़ सकता है। तंबाकू की फसल को भी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
किसानों का कहना है कि अगर मौसम इसी तरह खराब बना रहा, तो फसलों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। फिलहाल प्रशासन और कृषि विभाग की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
तेज हवाओं और बूंदाबांदी से बदला मौसम, नवाबगंज में बिजली गिरने से 27 गांवों की आपूर्ति ठप


