22 C
Lucknow
Friday, March 20, 2026

शर्मनाक है ज्योतिषी अशोक खरात कि हरकत

Must read

 अशोक भाटिया , वसई
महाराष्ट्र के नासिक से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यह खबर सिर्फ एक क्राइम की नहीं है बल्कि भरोसे के साथ हुए सबसे खतरनाक धोखे की है। एक ऐसा शख्स, जिसे लोग ‘गुरु’ मानते थे। जिसके पास अपनी समस्याओं का हल ढूंढने लोग दूर-दूर से आते थे। वही शख्स अपने फार्महाउस और दफ्तर को एक खौफनाक जाल में बदल चुका था। बेडरूम में हिडन कैमरे। महिलाओं को बुलाने के लिए झूठे वादे और फिर उन्हें सम्मोहन और डर के जरिए फंसाना। 58 महिलाओं के साथ जुड़े वीडियो सामने आने के बाद इस पूरे नेटवर्क का काला सच अब उजागर हो चुका है।
एक रिपोर्ट के अनुसार यह मामला इसलिए और भी चौंकाने वाला है क्योंकि आरोपी ने अपने प्रभाव और छवि का इस्तेमाल हथियार की तरह किया। खुद को ‘कैप्टन’ कहने वाला यह शख्स लोगों के मन में डर और आस्था दोनों पैदा करता था। महिलाओं को विश्वास दिलाया जाता था कि उनकी जिंदगी की समस्याएं खत्म हो जाएंगी। लेकिन असल में वह उन्हें एक ऐसे जाल में फंसा रहा था, जहां से निकलना मुश्किल था। सम्मोहन, नशीला पदार्थ और ब्लैकमेल इन तीन हथियारों के सहारे उसने अपना काला साम्राज्य खड़ा कर लिया।

अशोक खरात नासिक के सिन्नर तालुका के मिरगांव स्थित श्री ईशान्येश्वर मंदिर ट्रस्ट का चेयरमैन भी बताया जाता है। इस पद के चलते उसकी स्थानीय स्तर पर अच्छी पकड़ थी और लोगों के बीच उसकी छवि एक ‘आध्यात्मिक मार्गदर्शक’ की बन गई थी। यही वजह थी कि आम लोगों से लेकर प्रभावशाली व्यक्तियों तक, कई लोग उससे जुड़ते गए। यह पहला मौका नहीं है जब अशोक खरात विवादों में आया हो। महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के कार्यकर्ता पहले से ही उसके खिलाफ मोर्चा खोल चुके थे। जब मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे उसके यहां पहुंचे थे, तब भी इस मुलाकात को लेकर काफी विवाद हुआ था। अंधविश्वास के खिलाफ काम करने वाले संगठनों ने इस पर सवाल उठाए थे और ऐसे ‘बाबाओं’ को बढ़ावा देने पर आपत्ति जताई थी।
इस हाई प्रोफाइल बाबा की गिरफ्तारी ने महाराष्ट्र में सियासी हलचल बढ़ा दी है। पुलिस FIR के मुताबिक, आरोपी अशोक खरात जो खुद को ‘कैप्टन’ कहता था, मर्चेंट नेवी का पूर्व अधिकारी बताया जाता है। उसने समाज में एक प्रतिष्ठित ज्योतिषी और “दैवी शक्तियों” के जानकार के रूप में अपनी पहचान बनाई थी और अपने प्रभाव का एक अनोखा रहस्यलोक बनाया था।
पीड़िता का आरोप है कि पूजा-पाठ करने के बहाने, 67 साल के इस ज्योतिषी ने उसे नशीला पदार्थ खिलाया, उसे सम्मोहित किया और उसके विश्वास का गलत फायदा उठाकर उसका यौन शोषण किया। आरोपी ज्योतिष नासिक के पॉश इलाके कनाडा कॉर्नर में अपना ऑफिस चलाता था और साथ ही सिन्नर के मिरगांव में मंदिर और एक आलीशान फार्महाउस का मालिक था। पुलिस के अनुसार, खरात पर आरोप है कि उसने महिलाओं को उनकी निजी समस्याओं के समाधान का झांसा दिया और “पूजा-पाठ” करने के नाम पर उसे नशीला पदार्थ दिया और उन्हें सम्मोहित (हिप्नोटाइज) कर उनके साथ दुष्कर्म किया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह मामला सिर्फ एक पीड़िता तक सीमित नहीं है। मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि इस बाबा के फार्म हाउस से 58 महिलाओं के संदिग्ध वीडियो मिले हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने अपने ऑफिस और फार्म हाउस में गुप्त कैमरे लगा रखे थे। पुलिस को छानबीन में एक पेन ड्राइव भी मिली है, इसमें 58 अलग-अलग महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो क्लिप्स होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, वह महिलाओं को डराने के लिए तंत्र-मंत्र और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देता था।
राज्य सरकार ने इस मामले की जांच के लिए IPS अधिकारी तेजस्विनी सतपुते की अगुवाई में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। नासिक क्राइम ब्रांच यूनिट 1 आरोपी से बरामद किए गए आपत्तिजनक वीडियो और दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नासिक में ‘ओकस प्रॉपर्टी डीलर्स एंड डेवलपर्स’ नाम से एक दफ़्तर चलाता था। हालांकि, आरोप है कि वहां रियल एस्टेट का नहीं, बल्कि अपराध का धंधा चलता था। बताया जाता है कि आरोपी का नासिक के पॉश इलाके में रियल एस्टेट ऑफिस होने के साथ-साथ मीरगांव में ईशान्येश्वर नाम का एक आलीशान आश्रम और मंदिर भी है। सूत्रों के अनुसार, यहां बड़े-बड़े रसूखदार लोग दर्शन के लिए आते थे। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन से चेहरे शामिल हैं और यह काला कारोबार कब से चल रहा था।
ऐसी चर्चा है कि उसके राजनीतिक संबंध दिल्ली से लेकर महाराष्ट्र की सत्ता के गलियारों तक फैले हुए हैं। मीरगांव में उसका ‘ईशान्येश्वर मंदिर’ और एक आलीशान आश्रम है, जहां अक्सर जाने-माने और प्रभावशाली लोग दर्शन करने आते थे। नासिक के सिन्नर में स्थित श्री ईशान्येश्वर मंदिर ट्रस्ट के चेयरमैन के तौर पर, खरात को जाने-माने राजनेताओं, मशहूर हस्तियों और बड़े कारोबारियों के आध्यात्मिक गुरु के रूप में व्यापक पहचान मिली थी।
आरोपी की गिरफ्तारी भी किसी फिल्मी सीन से कम नहीं थी। पुलिस ने गोपनीय ऑपरेशन के तहत रात में उसके फार्महाउस के बाहर “चोर-चोर” चिल्लाकर अफरा-तफरी मचाई और इसी बहाने घर में प्रवेश किया और सीधे बेडरूम से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने खरात के ठिकाने से पिस्तौल, जिंदा कारतूस और कई संदिग्ध दस्तावेज भी बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि कई राजनेता, सेलिब्रिटी और कारोबारी उसके संपर्क में थे जो उसके मंदिर और फार्महाउस पर आते जाते थे। इसी कारण यह मामला अब राजनीतिक विवाद का रूप भी ले चुका है।
इस मामले ने अब एक राजनीतिक तूफान भी खड़ा कर दिया है क्योंकि कई राजनेता और जानी-मानी हस्तियां पहले भी इस ज्योतिषी से मिलने आ चुकी थीं। शिव सेना उद्धव ठाकरे गुट की नेता सुषमा अंधारे ने कहा, “क्या उन लोगों के पैर पूजे जाने चाहिए जो महिलाओं का शोषण करते हैं? हम मांग करते हैं कि उपमुख्यमंत्री इस आचरण का संज्ञान लें।” बहरहाल, नासिक का यह मामला सिर्फ एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि समाज में अंधविश्वास और भरोसे के दुरुपयोग का खतरनाक उदाहरण के तौर पर पेश किया जा रहा है।
नवंबर 2022 में, जब पीड़िता अनुष्ठान पर चर्चा करने के लिए नासिक में कनाडा कॉर्नर में नकली बाबा संदिग्ध अशोक खरात के कार्यालय में अकेली गई थी, तो बाबा ने इस अवसर का लाभ उठाकर उसे कार्यालय के कक्ष में बुलाया, उसे प्रसाद के रूप में पेड़ा दिया और फिर उसे तांबे के बर्तन से पानी दिया। तब प्रभु का क्रोध तुम पर होगा और तुम्हारा मंगेतर मर जाएगा, मैं तुम्हें एक तरह से पवित्र कर रहा हूँ ।।।शिकायतकर्ता ने कहा कि उसे डरा-धमकाकर शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
बताया जाता है कि पीड़िता को 2019 में कनाडा कॉर्नर स्थित उनके ऑफिस में अशोक खरात से मिलवाया गया था। उस समय उनके दादा भी उनके साथ थे। ‘मेरे पास दैवीय शक्ति है, और उस शक्ति की शक्ति से मैं आपके जीवन में आने वाली बाधाओं को दूर करूंगा, आपकी शादी एक धनी परिवार में होगी, आपका करियर होगा, आपको मेरे पास आना होगा और कुछ अनुष्ठान करने होंगे।”उसने उसका विश्वास अर्जित किया था।फिर 2021 में पीड़िता की सगाई गांव में हुई। बाद में जब वह टूट गया तो खरात बाबा ने फिर से 50,000 रुपये नकद लेकर ‘पुष्करराज’ का पत्थर दिया।’यह पत्थर ‘सिद्ध’ हो गया है और इसे फिर से अपने गले में पहनना शुरू करो, तुम धन्य हो जाओगे।।।2022 में उसने दूसरी शादी की और पीड़िता की सगाई हो गई और शादी का रस्म हो गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि शादी की खबर खरात को बताई गई, जिसके बाद दंपति ने पीड़िता को आशीर्वाद लेने के लिए कार्यालय बुलाया और फिर से उसी तरह से प्रताड़ित किया।
यह मामला सिर्फ एक अपराध की कहानी नहीं है, बल्कि समाज के उस हिस्से को भी उजागर करता है जहां लोग बिना जांचे-परखे किसी पर भी भरोसा कर लेते हैं। फिलहाल अशोक खरात पुलिस हिरासत में है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस केस में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, जब्त किए गए वीडियो और डिजिटल सबूतों की फॉरेंसिक जांच भी अहम भूमिका निभाएगी। इससे यह साफ हो सकेगा कि मामला कितना बड़ा है और इसमें और कौन-कौन शामिल हो सकते हैं।
अशोक भाटिया,
वरिष्ठ स्वतंत्र पत्रकार ,लेखक, समीक्षक एवं टिप्पणीकार
वसई पूर्व – 401208 ( मुंबई )E MAIL – vasairoad.yatrisangh@gmail.com व्हाट्स एप्प 9221232130

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article