राहुल तिवारी
शिकोहाबाद। जसराना क्षेत्र के गांव अतुर्रा स्थित कंपोजिट विद्यालय में गुरुवार को उस समय हंगामा हो गया, जब कार्यमुक्त प्रमाणपत्र लेने पहुंचीं निवर्तमान प्रधानाध्यापिका धारणा शर्मा के साथ मारपीट का मामला सामने आया।
बताया गया है कि धारणा शर्मा विद्यालय में चार्ज देने और कार्यमुक्त प्रमाणपत्र लेने गई थीं। आरोप है कि प्रभारी प्रधानाध्यापिका सुजाता सिंह ने उन्हें प्रमाणपत्र देने से इनकार कर दिया और उनकी अलमारी की चाबी व जरूरी अभिलेख अपने कब्जे में ले लिए। विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई, जो मारपीट में बदल गई। घटना में धारणा शर्मा घायल हो गईं।
पीड़िता ने मामले की तहरीर थाने में दी है, जिसके बाद पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण कराया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि इससे पहले बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) द्वारा धारणा शर्मा को निलंबित किया गया था, हालांकि फरवरी माह में उन्हें बहाल कर दिया गया था। गुरुवार को जब वह कार्यमुक्त प्रमाणपत्र लेने पहुंचीं, तभी यह विवाद हो गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


