फर्रुखाबाद: आगामी चैत्र नवरात्र पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को विभागीय अधिकारियों ने जनपद में छापामार कार्रवाई करते हुए विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।
यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ एवं जिलाधिकारी फर्रुखाबाद के निर्देशों के अनुपालन में की गई। अभियान का उद्देश्य नवरात्र जैसे पवित्र पर्व के दौरान लोगों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना तथा मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II अजीत कुमार के निर्देशन एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार सिंह एवं अरुण कुमार मिश्र की टीम ने लोहिया नगर, आवास विकास क्षेत्र में स्थित एक खाद्य प्रतिष्ठान पर छापा मारा। यहां खाद्य कारोबारकर्ता रितेश महेश्वरी के प्रतिष्ठान से सिंघाड़ा आटा और सेंधा नमक (शिव ओम ब्रांड) के नमूने जांच हेतु लिए गए।
इसके अलावा टीम ने बढ़पुर मंदिर एवं गुड़गांव मंदिर के आसपास स्थित 21 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक खाद्य कारोबारकर्ता के यहां कमियां पाए जाने पर सुधार नोटिस जारी करने की संस्तुति की गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि नवरात्र के दौरान विशेष रूप से व्रत में उपयोग होने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। यदि किसी भी प्रतिष्ठान पर मिलावट या मानकों के विपरीत खाद्य पदार्थ पाए जाते हैं तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि वे खाद्य पदार्थ खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और पैकेजिंग की जांच अवश्य करें तथा किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तत्काल विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


