लखनऊ। राजधानी के आशियाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां प्रेम विवाह से नाराज ससुर ने अपनी चार बेटियों के साथ मिलकर दामाद की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना मंगलवार रात की है, जब दामाद अपनी पत्नी और दो साल की बेटी के साथ ससुराल आया हुआ था।
जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ जिले के सांगीपुर निवासी विष्णु यादव (30) ने करीब चार वर्ष पहले आशियाना सेक्टर-आई निवासी अधिवक्ता डॉ. तीरथराज सिंह की बेटी साक्षी से प्रेम विवाह किया था। इस विवाह से नाराज ससुर तीरथराज सिंह दामाद विष्णु से रंजिश रखता था। मंगलवार सुबह विष्णु अपनी पत्नी और मासूम बेटी के साथ ससुराल पहुंचा था।
बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजे घर के आंगन में किसी बात को लेकर ससुर और दामाद के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि तीरथराज सिंह ने अपनी चार बेटियों—राधा, रत्ना, ज्योति और एक नाबालिग बेटी—के साथ मिलकर विष्णु पर हमला कर दिया। आरोप है कि सभी ने चारपाई के लकड़ी के पाये से विष्णु के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी साक्षी को भी आरोपियों ने लाठियों से पीटकर घायल कर दिया। किसी तरह साक्षी ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची।
सूचना मिलते ही डीसीपी मध्य विक्रांतवीर, एसीपी कैंट अभय मल्ल और इंस्पेक्टर आशियाना छत्रपाल सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी ससुर और चारों बेटियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना में इस्तेमाल लकड़ी का पाया भी बरामद कर लिया गया है, जबकि फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
बताया गया कि मृतक विष्णु यादव एक ऑनलाइन कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता था, जबकि आरोपी पक्ष की दो बेटियां वकालत पेशे से जुड़ी हैं। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आपसी कलह और पुरानी रंजिश के चलते हत्या की बात सामने आई है। फिलहाल मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रेम विवाह से नाराज ससुर ने बेटियों संग मिलकर दामाद की पीट-पीटकर हत्या


