34 C
Lucknow
Wednesday, March 18, 2026

भीषण विस्फोट से दहशत, पूर्व विधायक के पुत्र सहित आधा दर्जन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Must read

फर्रुखाबाद। शहर के मोहल्ला नाला मच्छरट्टा में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जोरदार विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। धमाका पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर हुआ, जिसकी तीव्रता इतनी अधिक थी कि पूरी इमारत हिल गई और आसपास के घरों तक कंपन महसूस किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 7:30 बजे हुए इस धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि मकान की तीसरी मंजिल तक खिड़कियां, दरवाजे, ग्रील और छत क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं, बेसमेंट की छत उखड़ गई और फर्श पूरी तरह से टूट गया, जिससे मलबा चारों ओर फैल गया।
इस भीषण हादसे में 5 से 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें पूर्व विधायक के पुत्र भी शामिल हैं। घायलों में अभिनाश उर्फ विक्की, अभिषेक उर्फ सिक्की, भैयालाल, ईशू चौरसिया, रामवीर यादव और राशू मिश्रा के नाम सामने आए हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शहर कोतवाली के उपनिरीक्षक इमरान फरीद ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि वह अपनी टीम के साथ साहबगंज चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे, तभी एक ई-रिक्शा में दो झुलसे हुए युवकों को अस्पताल ले जाया जा रहा था। पूछताछ में उनकी पहचान अभिनाश उर्फ विक्की और अभिषेक उर्फ सिक्की के रूप में हुई, जिसके बाद पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का कार्य किया। इसी दौरान गंभीर रूप से घायल भैयालाल को मलबे से निकालकर अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल का मंजर बेहद भयावह था, चारों ओर चीख-पुकार और भगदड़ का माहौल बना हुआ था।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को बेसमेंट से विस्फोटक पदार्थों की गंध आने की पुष्टि हुई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि मकान में अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री का संग्रह या निर्माण किया जा रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस ने अभी इस संबंध में अंतिम पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।
पुलिस ने इस मामले में पूर्व विधायक के दोनों पुत्रों सहित करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article