34 C
Lucknow
Wednesday, March 18, 2026

कुलदीप यादव का शाही रिसेप्शन: क्रिकेट, सियासत और नवाबी ठाठ का अद्भुत संगम

Must read

लखनऊ। भारतीय क्रिकेट टीम के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव और उनकी जीवनसाथी वंशिका सिंह के विवाह उपरांत आयोजित शाही रिसेप्शन ने मंगलवार को नवाबों के शहर लखनऊ को क्रिकेट, राजनीति और शाही चमक-दमक से सराबोर कर दिया। मसूरी में 14 मार्च को संपन्न विवाह समारोह के बाद राजधानी में आयोजित यह भव्य कार्यक्रम चर्चा का केंद्र बना रहा।
शहीद पथ स्थित एक भव्य होटल में आयोजित इस रिसेप्शन में उस समय सभी मेहमान हैरान रह गए, जब नवविवाहित जोड़ा 1960 मॉडल की चमचमाती रोल्स-रॉयस विंटेज कार में सवार होकर समारोह स्थल पर पहुंचा। यह खास कार दिल्ली से मंगाई गई थी, जिसने कार्यक्रम में शाही अंदाज का तड़का लगा दिया।
स्टेज पर पहुंचने के बाद कुलदीप यादव ब्लैक बंदगला सूट में बेहद आकर्षक नजर आए, जबकि वंशिका सिंह क्रीम रंग की साड़ी में, जिस पर लाल पत्थरों की महीन कढ़ाई की गई थी, बेहद खूबसूरत दिखीं। दोनों की सादगी और गरिमा ने उपस्थित मेहमानों का दिल जीत लिया।
समारोह के दौरान भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर जब मंच पर पहुंचे तो कुलदीप यादव ने उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इसके कुछ ही देर बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कुलदीप ने उनके भी पैर छूकर आशीर्वाद लिया, जबकि वंशिका सिंह ने हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने नवदंपती को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस शाही रिसेप्शन में क्रिकेट और राजनीति जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल , शिखर धवन , रविंद्र जडेजा और ऋषभ पंत ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। वहीं, कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी समारोह में पहुंचे और नवविवाहित जोड़े को बधाई दी।
मेहमानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजकों द्वारा चार चार्टर्ड विमानों की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे देशभर से वीवीआईपी मेहमान आसानी से कार्यक्रम में शामिल हो सके।
यह रिसेप्शन केवल वीवीआईपी मेहमानों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि कुलदीप यादव के गांव से आए लोग भी इस खुशी के मौके के साक्षी बने। अपने चहेते खिलाड़ी को दूल्हा बने देख ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस तरह लखनऊ में आयोजित यह शाही रिसेप्शन लंबे समय तक लोगों की यादों में बना रहेगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article