*विधायक पुत्र समेत 5 लोग गंभीर घायल, एक की हालत नाजुक
*धमाके से पूरा मकान क्षतिग्रस्त, पूरे इलाके में दहशत का माहौल
यूथ इंडिया संवाददाता
फर्रुखाबादl सदर विधानसभा क्षेत्र के शहर कोतवाली इलाके के मोहल्ला नाला मछरट्टा में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर अचानक भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोगों को बम फटने जैसा एहसास हुआ और इलाके में अफरातफरी मच गई।
विस्फोट में पूर्व विधायक के पुत्र अभिषेक सिंह उर्फ सिक्की और अविनाश सिंह उर्फ विक्की समेत कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में नूरपुर के पूर्व प्रधान भैया लाल चौहान, राजीव गांधी नगर निवासी रासू मिश्रा व एक अन्य युवक शामिल हैं। सभी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां अभिषेक सिंह की हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
घटना के समय घर में मौजूद पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दमयंती सिंह ने बताया कि वह छत पर पूजा कर रही थीं। तभी जोरदार धमाका हुआ, जिससे वह घबरा गईं और नीचे पहुंचीं, जहां उनके बेटे घायल अवस्था में मिले।
धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। दीवारें दरक गईं और खिड़कियों के शीशे टूटकर सडक़ पर जा गिरे। आसपास के घरों में भी कंपन महसूस किया गया, जिससे लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, सीओ सिटी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और क्षेत्र को घेर लिया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने सेफ्टी टैंक फटने की आशंका जताई है, हालांकि परिजनों ने इस संभावना से इनकार करते हुए बताया कि घर में कोई सेफ्टी टैंक नहीं है और पाइप सीधे नाले से जुड़े हैं।
फिलहाल पुलिस व फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी हुई है और विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
भीषण विस्फोट से दहला फर्रुखाबाद, पूर्व विधायक विजय सिंह के घर मचा हडक़ंप


