नई दिल्ली। केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए अप्रैल महीने में बड़ी राहत की उम्मीद जताई जा रही है। महंगाई भत्ता (डीए ) में बढ़ोतरी को लेकर सरकार जल्द फैसला ले सकती है। मौजूदा समय में कर्मचारियों को 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है, जिसमें करीब 2 प्रतिशत तक वृद्धि की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, अगर यह बढ़ोतरी लागू होती है तो डीए बढ़कर 60 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। इससे कर्मचारियों की मासिक सैलरी में सीधा इजाफा होगा, वहीं पेंशनर्स की पेंशन भी बढ़ जाएगी। बढ़ती महंगाई के बीच यह फैसला कर्मचारियों के लिए राहत भरा साबित हो सकता है।
महंगाई भत्ता तय करने में ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (ऐआईसीपीआई ) के आंकड़ों की अहम भूमिका होती है। हाल के महीनों में इंडेक्स में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो डीए वृद्धि के संकेत दे रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि महंगाई के मौजूदा स्तर को देखते हुए डीए में बढ़ोतरी लगभग तय मानी जा रही है।
केंद्र सरकार वर्ष में दो बार महंगाई भत्ते में संशोधन करती है। पहला संशोधन जनवरी से लागू होता है, जिसका ऐलान आमतौर पर मार्च या अप्रैल में किया जाता है, जबकि दूसरा संशोधन जुलाई से लागू होता है और इसकी घोषणा सितंबर या अक्टूबर में होती है। इसी क्रम में जनवरी 2026 के डीए संशोधन की घोषणा अप्रैल में होने की संभावना है।
अगर वेतन के उदाहरण से समझें, तो किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 30 हजार रुपये होने पर वर्तमान में उसे 58 प्रतिशत के हिसाब से 17,400 रुपये डीए मिल रहा है। यदि यह बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाता है तो डीए 18,000 रुपये हो जाएगा, यानी हर महीने करीब 600 रुपये की बढ़ोतरी होगी। उच्च वेतन पाने वाले कर्मचारियों को इससे और अधिक लाभ मिलेगा।
इस निर्णय का सीधा लाभ देशभर के लगभग 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 65 से 70 लाख पेंशनर्स को मिलेगा। कुल मिलाकर एक करोड़ से अधिक लोग इससे प्रभावित होंगे।
वहीं, 8वें वेतन आयोग को लेकर अभी केवल चर्चाएं और प्रारंभिक प्रक्रिया चल रही है। सरकार की ओर से अभी तक इसे लागू करने को लेकर कोई अंतिम घोषणा नहीं की गई है। माना जा रहा है कि 8वां वेतन आयोग लागू होने में अभी समय लग सकता है। ऐसे में फिलहाल कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी ही सबसे बड़ा सहारा बनी हुई है।
बढ़ती महंगाई के बीच डीए में संभावित वृद्धि कर्मचारियों की क्रय शक्ति को बनाए रखने में मदद करेगी और उनके दैनिक खर्चों पर पड़ने वाले दबाव को कुछ हद तक कम करेगी। अब सभी की नजर केंद्र सरकार के आधिकारिक ऐलान पर टिकी हुई है, जो अप्रैल में कभी भी किया जा सकता है।
अप्रैल में डीए बढ़ोतरी का ऐलान संभव, केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी में होगा इजाफा


