उन्नाव। जनपद के असोहा थाना क्षेत्र में चंदन खेड़ा पुल के पास पुलिस और गोवंश तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक तस्कर के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को क्षेत्र में गोवंश तस्करी की सूचना मिली थी। इसी आधार पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ हुई।
मुठभेड़ के दौरान रफीक नाम के तस्कर के पैर में गोली लग गई, जिसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया है। वहीं, दूसरे आरोपी मनमोहन यादव को भी पुलिस ने मौके से दबोच लिया। एक अन्य तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
गोवंश तस्करों से पुलिस की मुठभेड़, एक को गोली, दो गिरफ्तार


