25.2 C
Lucknow
Monday, March 16, 2026

रामगंगा नहर में नहाने उतरा युवक लापता, एसडीआरएफ टीम कर रही तलाश

Must read

औरैया

बेला थाना क्षेत्र के गांव डमरपुर के पास स्थित रामगंगा नहर की झील में रविवार को एक युवक नहाते समय लापता हो गया। घटना के बाद से पुलिस, गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है, लेकिन सोमवार पूर्वाह्न तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका था। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
जानकारी के अनुसार जनपद कानपुर देहात के थाना व कस्बा रसूलाबाद के बंगाली कॉलोनी महेंद्र नगर निवासी तीन दोस्त—विदान बंगाली (40), विवेक (32) और शेखर (20) रविवार दोपहर करीब दो बजे बेला क्षेत्र के गांव डमरपुर स्थित रामगंगा नहर के पास पहुंचे थे। बताया गया कि तीनों दोस्त यहां बैठकर शराब पार्टी कर रहे थे। कुछ देर बाद उन्होंने नहर में नहाने का फैसला किया और तीनों नहर में कूद गए।
नहाने के दौरान कुछ ही देर बाद विवेक और शेखर तो किसी तरह नहर से बाहर निकल आए, लेकिन विदान बंगाली नहर से बाहर नहीं निकल सका। जब काफी देर तक वह दिखाई नहीं दिया तो दोनों दोस्तों में घबराहट फैल गई। इसी दौरान गांव के ही पांच अन्य युवक भी मौके पर पहुंच गए। उनमें से एक युवक निखिल मंडल ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए करीब तीन बजे डायल 112 पर फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय थाना व चौकी पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद बेला थाना पुलिस और स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर नहर में युवक की तलाश शुरू कराई गई। रविवार शाम तक पुलिस और गोताखोरों ने काफी देर तक नहर में खोजबीन की, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका।
सोमवार सुबह मामले की गंभीरता को देखते हुए जालौन के उरई से एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ टीम में उपनिरीक्षक कुमार सौरभ सिंह अपने 11 साथियों के साथ पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर नहर में स्टीमर चलाकर युवक की तलाश शुरू की। टीम ने कई स्थानों पर गहराई में खोज अभियान चलाया, लेकिन सोमवार सुबह करीब 11 बजे तक भी युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से लगातार तलाश अभियान चला रही है। नहर के आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि युवक की तलाश जारी है और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही उसका पता चल सकेगा। घटना के बाद युवक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है और वे भी मौके पर पहुंच गए हैं।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अक्सर लोग नहर में नहाने के लिए उतर जाते हैं, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण कई बार हादसे हो जाते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नहर या अन्य जलाशयों में बिना सुरक्षा के न उतरें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article