35.2 C
Lucknow
Monday, March 16, 2026

11 सीटों पर राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान, बिहार में क्रॉस-वोटिंग की आशंका से बढ़ा सियासी ताप

Must read

नई दिल्ली देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए चल रही चुनावी प्रक्रिया सोमवार को अपने अंतिम चरण में पहुंच गई। इनमें से 26 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं, जबकि शेष 11 सीटों पर उम्मीदवारों की संख्या अधिक होने के कारण मतदान कराया जा रहा है। मतदान सुबह 9 बजे से शुरू हो गया और शाम 4 बजे तक मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
जिन सीटों पर मतदान हो रहा है उनमें बिहार की 5, ओडिशा की 4 और हरियाणा की 2 सीटें शामिल हैं। बिहार में मुकाबला सबसे अधिक दिलचस्प माना जा रहा है, जहां 5 सीटों के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में हैं। इसे देखते हुए क्रॉस-वोटिंग की आशंका भी जताई जा रही है और सभी दल अपने विधायकों को एकजुट रखने की कोशिश में जुटे हैं।
बिहार में जनता दल यूनाइटेड के नेता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिवेश कुमार की जीत लगभग तय मानी जा रही है। वहीं पांचवीं सीट के लिए एनडीए समर्थित राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता उपेंद्र कुशवाहा और राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवार अमरेंद्र धारी सिंह के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है।
मतदान के दौरान बिहार विधानसभा में नेताओं के बयान भी सामने आए। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मतदान के बाद कहा कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और गठबंधन के सभी पांच उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि सभी विधायकों ने मतदान कर दिया है और परिणाम एनडीए के पक्ष में आएंगे।
वहीं बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने भी दावा किया कि यह विचारधारा की लड़ाई है और एनडीए की पांचों सीटों पर जीत होगी। उन्होंने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपनी पार्टी और राजनीति पर ध्यान देना चाहिए।
दूसरी ओर राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि महागठबंधन चुनौती से पीछे हटने वाला नहीं है। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष के उम्मीदवार को आवश्यक समर्थन मिल रहा है और महागठबंधन के प्रत्याशी की जीत होगी। राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने भी कहा कि विपक्षी गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और उनके उम्मीदवार अमरेंद्र धारी सिंह को जीत मिलेगी।
ओडिशा में भी राज्यसभा चुनाव को लेकर विवाद सामने आया है। बीजू जनता दल प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने आरोप लगाया कि ब्रह्मगिरी की एक महिला विधायक ने मतदान के दौरान गलती कर दी थी, लेकिन मतदान कक्ष में मौजूद अधिकारी ने नियमों के खिलाफ उनका वोट स्वीकार कर दूसरा बैलेट पेपर जारी कर दिया, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया के विपरीत है।
इस बीच कांग्रेस सांसद सप्तगिरी उलका ने भी आरोप लगाया कि कुछ जगहों पर खरीद-फरोख्त की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस मामले से जुड़ी जानकारी सामने आएगी।
राजनीतिक बयानबाजी के बीच राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। शाम चार बजे परिणाम घोषित होने के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि किन दलों का पलड़ा भारी रहा और किसे राज्यसभा में नई ताकत मिलेगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article