– वार्डों में पहुंचकर सुनेंगे नागरिकों की शिकायतें, मौके पर निस्तारण का प्रयास
अलीगढ़। नगर निगम प्रशासन को जनता के और करीब लाने के उद्देश्य से अलीगढ़ के महापौर प्रशांत सिंघल ने एक नई पहल शुरू की है। “मेयर आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत अब शहर के अलग-अलग वार्डों में जाकर नागरिकों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनके प्रभावी निस्तारण का प्रयास किया जाएगा।
इस पहल के अंतर्गत महापौर स्वयं नगर निगम अधिकारियों के साथ वार्डों में पहुंचेंगे और स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य यह है कि आम नागरिकों को अपनी शिकायत लेकर नगर निगम के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन खुद उनके बीच जाकर समस्याओं का समाधान करे।
महापौर प्रशांत सिंघल ने बताया कि शहर में जलभराव, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, सड़क मरम्मत और सीवर जैसी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, ताकि शिकायतों का शीघ्र निस्तारण हो सके।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार “मेयर आपके द्वार” अभियान के माध्यम से शहर के सभी वार्डों को कवर किया जाएगा। इससे नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान होगा और नगर निगम की कार्यप्रणाली भी अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यदि महापौर और अधिकारी वार्डों में पहुंचकर समस्याएं सुनेंगे तो लंबे समय से लंबित मुद्दों के समाधान की उम्मीद बढ़ेगी। वहीं नगर निगम प्रशासन का कहना है कि इस कार्यक्रम से शहर के विकास कार्यों में तेजी आएगी और जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।


