35.3 C
Lucknow
Sunday, March 15, 2026

पत्नी से कहासुनी के बाद युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

Must read

जहानगंज: जहानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम इकडरिया में शनिवार रात एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने की घटना से परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी।

जानकारी के अनुसार ग्राम इकडरिया निवासी रामनरेश वर्मा का 21 वर्षीय पुत्र आकाश वर्मा शनिवार रात खाना खाने के बाद अपनी पत्नी स्वाती और बच्चों के साथ घर के बरामदे में सोने चला गया।

रात में सभी लोग सो गए, लेकिन सुबह जब पत्नी स्वाती की नींद खुली तो उसने देखा कि आकाश बिस्तर पर मौजूद नहीं है। इस पर उसने घर के कमरे के पास जाकर देखा तो कमरा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बाद भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उसे अनहोनी की आशंका हुई।

इसके बाद परिवार के लोगों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खुलवाया गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। कमरे के अंदर आकाश दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका हुआ था। यह देख पत्नी स्वाती ने तुरंत अपनी सास मीना देवी को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मृतक के पिता रामनरेश वर्मा ने रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे थाना जहानगंज पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजेश राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद के बाद युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। वहीं युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article