फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के साथ जनपद में बनाए गए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजकीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़, म्युनिसिपल इंटर कॉलेज फतेहगढ़, राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज फतेहगढ़ तथा के.आर. रस्तोगी इंटर कॉलेज फर्रुखाबाद पहुंचकर परीक्षा की तैयारियों को परखा। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, कक्ष निरीक्षकों की उपस्थिति और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए और अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए। साथ ही केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और समय से सभी प्रक्रियाएं पूरी कराने के भी निर्देश दिए।
इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, परीक्षा केंद्रों के प्रभारी और संबंधित कर्मचारी भी मौजूद रहे। जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा को सकुशल और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
दरोगा भर्ती परीक्षा को लेकर डीएम-एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, पारदर्शिता व सुरक्षा व्यवस्था पर दिया जोर


