फर्रुखाबाद। शहर के लाल गेट स्थित बद्री विशाल डिग्री कॉलेज में चल रही पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान कॉलेज के बाहर अव्यवस्थित ढंग से खड़ी बाइकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई की। परीक्षा केंद्र के बाहर कुछ लोगों ने अपनी बाइकें सड़क किनारे और प्रतिबंधित स्थानों पर खड़ी कर रखी थीं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित परीक्षा के चलते बड़ी संख्या में अभ्यर्थी और उनके परिजन कॉलेज परिसर के आसपास मौजूद थे। इसी दौरान कई लोगों ने अपनी बाइकें सड़क किनारे अवैध रूप से खड़ी कर दीं, जिससे वहां जाम जैसे हालात बनने लगे।
मौके पर पहुंचे यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने स्थिति का जायजा लिया और नियमों का उल्लंघन कर खड़ी की गई बाइकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई वाहनों के चालान किए। यातायात पुलिस की इस कार्रवाई से वहां खड़े लोगों में हड़कंप मच गया और कई लोग अपनी बाइकें तुरंत हटाकर ले गए।
यातायात प्रभारी ने बताया कि सड़क पर गलत तरीके से वाहन खड़े करने से यातायात बाधित होता है, इसलिए ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वाहन निर्धारित स्थानों पर ही खड़े करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
पुलिस परीक्षा के दौरान कॉलेज के बाहर अवैध रूप से खड़ी बाइकों पर यातायात पुलिस की कार्रवाई, कई वाहनों के चालान


