35.3 C
Lucknow
Sunday, March 15, 2026

ईरान ने यूएई के फुजैराह तेल टर्मिनल को उड़ाया, कुवैत एयरपोर्ट पर भी दागी मिसाइलें

Must read

नई दिल्ली| मध्य पूर्व में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध के 16वें दिन तनाव और अधिक बढ़ गया। ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात और कुवैत में कई अहम ठिकानों को निशाना बनाते हुए मिसाइल और ड्रोन हमले किए। इन हमलों के बाद पूरे खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया है और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर भी चिंताएं बढ़ गई हैं।
जानकारी के अनुसार ईरान ने दुबई के मरीना और अल सुफौह इलाकों के आसपास स्थित महत्वपूर्ण स्थलों को निशाना बनाया। इसके साथ ही यूएई के फुजैराह स्थित बड़े तेल टर्मिनल पर जोरदार हमला किया गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई और तेल टर्मिनल का काम पूरी तरह ठप पड़ गया। हमले के बाद इलाके में भीषण आग लग गई और दूर-दूर तक गहरे काले धुएं के गुबार दिखाई दिए। दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की।
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक हमले में जॉर्डन का एक नागरिक घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके को घेरकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
इसी दौरान ईरान ने कुवैत के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी निशाना बनाते हुए मिसाइलें दागीं। हालांकि प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक इस हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए एयरपोर्ट संचालन प्रभावित रहा।
विशेषज्ञों का मानना है कि खाड़ी क्षेत्र के तेल टर्मिनलों और हवाई अड्डों को निशाना बनाए जाने से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर असर पड़ सकता है। युद्ध के लगातार बढ़ते दायरे को देखते हुए कई देशों ने अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article