36.2 C
Lucknow
Sunday, March 15, 2026

तेज रफ्तार डंपर ने निगल ली तीन युवा जिंदगियां

Must read

फर्रुखाबाद| नवाबगंज थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां एक पल में छीन लीं। तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के गांव और परिजनों में चीख-पुकार मच गई। रविवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण नवाबगंज थाने पहुंच गए और शवों की पहचान की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार थाना नवाबगंज के मुख्य चौराहे के निकट बीती रात तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक डंपर के नीचे आकर बुरी तरह कुचल गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने जब यह मंजर देखा तो उनके रोंगटे खड़े हो गए।
रविवार सुबह जनपद एटा के थाना नयागांव क्षेत्र के ग्राम कूड़ा नावर के ग्रामीण नवाबगंज पहुंचे, जहां मृतकों की पहचान 20 वर्षीय पुष्पेंद्र पुत्र स्वर्गीय कमलेश सिंह, 18 वर्षीय अर्पित यादव पुत्र मानसिंह तथा 15 वर्षीय निशु पुत्र कैलाश के रूप में की गई। तीनों युवक आपस में परिचित थे और शनिवार शाम अपने घर से यह कहकर निकले थे कि वे खेतों की ओर जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार आशंका है कि तीनों युवक अर्पित की ननिहाल जाने के लिए निकले थे।
बताया गया कि थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम कलौली महबुल्लापुर में अर्पित के मामा सेवाराम रहते हैं। संभावना जताई जा रही है कि तीनों युवक वहीं जा रहे थे। जब वे मध्यरात्रि के समय नवाबगंज चौराहे के पास पहुंचे तभी मोहम्मदाबाद की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद डंपर अनियंत्रित हो गया और बाइक को घसीटता हुआ आगे बढ़ता चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर मिश्रा बीज भंडार के पास एक पेड़ को तोड़ता हुआ दुकान में जा घुसा। वहां पास में बने तीन शेड के नीचे खड़ी एक कार भी डंपर की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।
दुर्घटना होते ही डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। बताया गया कि डंपर में पत्थर की गिट्टी भरी हुई थी। डंपर से कुचल जाने के कारण तीनों युवकों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस को काफी मशक्कत के बाद शवों के अवशेष एकत्र करने पड़े। घटनास्थल पर पड़ी बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस ने युवकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो अपने बेटों की हालत देखकर दहाड़ मारकर रोने लगे। गांव की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया गया कि मृतकों में अर्पित यादव के पिता मानसिंह और निशु के पिता कैलाश दिल्ली में मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे से गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध है। तीनों युवकों की असमय मौत से उनके परिवारों का सहारा छिन गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article