राहगीरों ने ई-रिक्शा सीधा कर निकाला बाहर, सीएचसी शमशाबाद में कराया गया भर्ती
शमशाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र में शनिवार को एक ई-रिक्शा चालक सवारियां छोड़कर घर लौटते समय सड़क हादसे का शिकार हो गया। शमशाबाद थाने के निकट अचानक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक वाहन के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शमशाबाद में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार फैज बाग–शमशाबाद मार्ग पर ई-रिक्शा चलाकर दो वक्त की रोजी-रोटी कमाने वाला चालक जनवेश कुमार उर्फ घंटी सवारियां छोड़कर शमशाबाद से अपने गांव वापस जा रहा था। बताया जाता है कि जैसे ही उसका ई-रिक्शा शमशाबाद थाने के पास पहुंचा, अचानक वाहन असंतुलित हो गया और सड़क पर पलट गया।
ई-रिक्शा पलटने से चालक जनवेश कुमार वाहन के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर शोर-शराबा सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीर और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने मिलकर पलटे ई-रिक्शा को सीधा किया और चालक को बाहर निकालकर तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही घायल चालक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों के अस्पताल पहुंचते ही घर परिवार में कोहराम मच गया और परिजन रोते-बिलखते नजर आए। फिलहाल घायल ई-रिक्शा चालक का सीएचसी शमशाबाद में उपचार जारी है।


