फर्रुखाबाद | यूथ इंडिया
जिलाधिकारी डॉ . आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक Aarti Singh ने शनिवार को कमालगंज स्थित मधु गैस सर्विस का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गैस एजेंसी पर एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता, उपभोक्ताओं की बुकिंग, डिलीवरी व्यवस्था और स्टॉक रजिस्टर की विस्तार से जांच की गई।
जिलाधिकारी ने एजेंसी संचालक से प्रतिदिन प्राप्त होने वाले गैस सिलेंडरों की संख्या तथा उपभोक्ताओं तक डिलीवरी में लगने वाले समय के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी उपभोक्ताओं को समयबद्ध तरीके से गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग लंबित है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जाए।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस सिलेंडर वितरण में किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता नहीं होनी चाहिए। एजेंसियां केवल ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से ही सिलेंडर वितरण करें और वितरण प्रणाली में पूरी पारदर्शिता बनाए रखें। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने को भी कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने एजेंसी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि गैस गोदाम और एजेंसी परिसर में अग्निशमन उपकरण हमेशा क्रियाशील अवस्था में रखे जाएं ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी तथा गैस एजेंसी के कर्मचारी भी मौजूद रहे।
डीएम-एसपी ने मधु गैस सर्विस कमालगंज का किया औचक निरीक्षण


