पूर्वी एशिया में बढ़ा तनाव, जापान ने नागरिकों को सतर्क रहने को कहा
नार्थ कोरिया।एक बार फिर बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण कर क्षेत्रीय तनाव बढ़ा दिया है। मिसाइल परीक्षण के बाद जापान सरकार ने तुरंत इमरजेंसी अलर्ट जारी करते हुए नागरिकों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।
जापानी अधिकारियों के अनुसार मिसाइल को उत्तर कोरिया के पूर्वी तट से दागा गया, जो समुद्र की दिशा में जाकर गिरी। हालांकि प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक मिसाइल जापान की सीमा में नहीं गिरी, लेकिन खतरे को देखते हुए सरकार ने एहतियातन अलर्ट जारी किया।
जापान की आपदा चेतावनी प्रणाली के जरिए कई क्षेत्रों में लोगों के मोबाइल फोन पर आपात संदेश भेजे गए। नागरिकों से कहा गया कि वे इमारतों या भूमिगत सुरक्षित स्थानों में रहें और किसी भी संभावित खतरे से बचने के लिए सतर्क रहें।
उत्तर कोरिया पिछले कुछ समय से लगातार मिसाइल परीक्षण कर रहा है, जिससे पूर्वी एशिया में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि इन परीक्षणों का उद्देश्य अपनी सैन्य क्षमता का प्रदर्शन करना और अंतरराष्ट्रीय दबाव का जवाब देना है।
इस मिसाइल परीक्षण को लेकर अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया सहित कई देशों ने चिंता जताई है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय का कहना है कि इस तरह के परीक्षण क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं।
विश्लेषकों का मानना है कि अगर इस तरह के परीक्षण जारी रहे तो पूर्वी एशिया में सैन्य और कूटनीतिक तनाव और बढ़ सकता है।
उत्तर कोरिया ने फिर दागी मिसाइल, जापान ने जारी किया इमरजेंसी अलर्ट


