37.1 C
Lucknow
Friday, March 13, 2026

सातनपुर मंडी में आलू के भाव स्थिर, आमद घटी; दागी आलू से व्यापारियों को नुकसान

Must read

फर्रुखाबाद। जनपद की प्रमुख आलू मंडी सातनपुर में शुक्रवार को आलू के भाव लगभग स्थिर बने रहे, हालांकि मंडी में आमद में कमी देखने को मिली। मंडी में कुल लगभग 70 मोटर आलू की आवक दर्ज की गई। व्यापारियों के अनुसार बाजार में खरीद की रफ्तार सुस्त रहने से बिक्री भी अपेक्षाकृत धीमी रही।

मंडी में विभिन्न किस्मों के आलू अलग-अलग भाव पर बिके। निबल व गड्ड चेचक आलू 201 से 301 रुपये प्रति कुंतल तक बिके। सामान्य छट्ठा आलू का भाव 301 से 451 रुपये प्रति कुंतल रहा, जबकि सुपर छट्ठा आलू 451 से 521 रुपये प्रति कुंतल के बीच बिका।

इसके अलावा 3797 किस्म का आलू 551 से 651 रुपये प्रति कुंतल तक बिका। चिप्सोना आलू की कीमत 601 से 701 रुपये प्रति कुंतल रही। हालैंड गड्ड आलू 581 से 621 रुपये प्रति कुंतल तथा हालैंड छट्ठा आलू 621 से 831 रुपये प्रति कुंतल के बीच अधिकांश मात्रा में बिकता रहा।

मंडी के आढ़तियों और व्यापारियों का कहना है कि इस समय बाजार में दागी (दाग-धब्बे वाले) आलू की वजह से परेशानी बढ़ गई है। कई अन्य मंडियों में दागी आलू की खेप पहुंचने के बाद वहां के आढ़तियों ने ऐसे आलू की गाड़ियां उतारने से भी मना कर दिया है। इसके चलते व्यापारियों को माल वापस ले जाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

व्यापारियों का कहना है कि यदि आलू की गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ और दागी आलू की समस्या बनी रही तो आने वाले दिनों में बाजार पर इसका और असर पड़ सकता है। फिलहाल मंडी में भाव स्थिर हैं, लेकिन बिकवाली की रफ्तार धीमी बनी हुई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article