श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता फ़ारूक़ अब्दुल्ला पर फायरिंग की कोशिश का मामला सामने आया है। सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता के कारण यह हमला नाकाम हो गया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी कमल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
पिस्तौल लेकर पहुंचा था हमलावर
जानकारी के अनुसार आरोपी कमल सिंह पिस्तौल लेकर फारूक अब्दुल्ला के काफी करीब पहुंच गया था और उसने उन पर गोली चलाने की कोशिश की। हालांकि मौके पर मौजूद सुरक्षा दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया और बड़ी घटना होने से बचा लिया।
उमर अब्दुल्ला ने किया एक्स पोस्ट
घटना के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि उनके पिता इस हमले में बाल-बाल बच गए।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब फारूक अब्दुल्ला को एनएसजी का सुरक्षा कवच मिला हुआ है, तो हमलावर इतनी नजदीक तक कैसे पहुंच गया।
आरोपी का चौंकाने वाला बयान
पुलिस पूछताछ में आरोपी कमल सिंह ने कथित तौर पर कहा,
“यह मेरा पर्सनल एजेंडा था। मैं फारूक अब्दुल्ला को गोली मारना चाहता था। उन्हें मारना मेरा 20 साल का मकसद था।”
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के पास हथियार कैसे पहुंचा और वह सुरक्षा घेरा पार कर वरिष्ठ नेता के इतने करीब कैसे पहुंच गया।
इस घटना के बाद राजनीतिक और सुरक्षा हलकों में भी हलचल तेज हो गई है और वरिष्ठ नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समीक्षा की जा रही है।
फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग की कोशिश नाकाम, आरोपी कमल सिंह गिरफ्तार


