27 C
Lucknow
Wednesday, March 11, 2026

दस दिन से फुंका ट्रांसफार्मर, अंधेरे में दर्जनभर घर; आक्रोशित ग्रामीणों का हंगामा

Must read

औरैया: क्षेत्र के गांव बेरी धनकर में पिछले दस दिनों से फुंका ट्रांसफार्मर न बदले जाने से ग्रामीणों का सब्र टूट गया। बिजली आपूर्ति ठप होने से दर्जनभर से अधिक घरों में अंधेरा पसरा हुआ है और भीषण गर्मी के बीच लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। समस्या के समाधान में देरी से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को ट्रांसफार्मर के पास एकत्र होकर बिजली विभाग के खिलाफ हंगामा किया और जल्द कार्रवाई की मांग उठाई।

बताया गया है कि गांव के एक मोहल्ले में अंकित के घर के पास रखा 10 केवीए का ट्रांसफार्मर पिछले सोमवार को फुंक गया था। इसके बाद से मोहल्ले के कई घरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत अजीतमल उपकेंद्र को दी थी और लिखित शिकायत भी दर्ज कराई थी। इसके बावजूद कई दिन बीत जाने के बाद भी विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया।

बुधवार को मोहल्ले के लोग ट्रांसफार्मर के पास एकत्र हुए और बिजली विभाग की कार्यशैली के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन इसके बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। बिजली न होने के कारण लोगों को पीने के पानी की व्यवस्था करने, मोबाइल फोन चार्ज करने और पंखे चलाने जैसी बुनियादी जरूरतों में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मोहल्ले के निवासी गोविंद बाबू, सुमित नारायण, जानू कुमार, अरविंद शर्मा, अंकित और पप्पू शर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो लोग उपकेंद्र पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

इस संबंध में अटसू के अवर अभियंता अमित कुशवाहा ने बताया कि फिलहाल गोदाम में ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं हैं। जैसे ही स्टोर से ट्रांसफार्मर उपलब्ध होगा, उसे बदलवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण उन्हें कई दिनों से अंधेरे में रहना पड़ रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article