फतेहगढ़/फर्रुखाबाद।जिला खेल कार्यालय द्वारा स्व० ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्पोर्ट्स स्टेडियम में बुधवार को जिला स्तरीय जूनियर बालक एवं बालिका हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ लक्ष्मण अवार्डी ताइक्वांडो खिलाड़ी शुशांत गुप्ता ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं टॉस कराकर किया।
प्रतियोगिता में कुल छह टीमों ने भाग लिया और सभी टीमों ने अपना निशुल्क पंजीकरण कराते हुए मुकाबलों में हिस्सा लिया।
बालक वर्ग के पहले मैच में खेलो इंडिया सेंटर फर्रुखाबाद ने जीजीआईसी फतेहगढ़ को 5-2 गोल से हराकर जीत दर्ज की। दूसरे मैच में जनता इंटर कॉलेज फतेहगढ़ की टीम ने जीजीआईसी फतेहगढ़ को पराजित किया।
तीसरे मुकाबले में खेलो इंडिया सेंटर फर्रुखाबाद ने स्टेडियम फतेहगढ़ को 3-1 गोल से हराया। चौथे मैच में स्टेडियम फतेहगढ़ ने जनता इंटर कॉलेज फतेहगढ़ को 2-1 से पराजित किया। वहीं पांचवें मुकाबले में खेलो इंडिया सेंटर फर्रुखाबाद ने जीजीआईसी फतेहगढ़ को 4-1 गोल से हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
बालिका वर्ग के मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले मैच में खेलो इंडिया सेंटर फर्रुखाबाद ने जीजीआईसी फतेहगढ़ को 3-1 गोल से हराया। दूसरे मुकाबले में स्टेडियम फतेहगढ़ ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़ को 2-0 से पराजित किया।
तीसरे मैच में जीजीआईसी फतेहगढ़ ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज को 2-0 गोल से हराया। चौथे मुकाबले में खेलो इंडिया सेंटर फर्रुखाबाद ने स्टेडियम फतेहगढ़ को 4-1 से मात दी। अंतिम मैच में भी खेलो इंडिया सेंटर ने जीजीआईसी फतेहगढ़ को 4-0 गोल से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
निर्णायकों ने निभाई अहम भूमिका
प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में सत्यम मिश्रा, श्रवण शाक्य, दीपक कुमार, अजय माथुर, सुशील कुमार और सुशांत गुप्ता ने अपनी भूमिका निभाई। आयोजन में जिला हॉकी संघ व जिला ओलंपिक संघ स्टेडियम के कर्मचारियों का सहयोग भी रहा।
क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि 12 मार्च को प्रातः 9 बजे से जिला स्तरीय जूनियर बालक-बालिका कबड्डी, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। वहीं इन प्रतियोगिताओं का पुरस्कार वितरण समारोह 16 मार्च को दोपहर 3 बजे मुख्य अतिथि द्वारा किया जाएगा।


