29 C
Lucknow
Wednesday, March 11, 2026

ट्रैक्टर पलटने से पल्लेदार की मौत, दो घायल

Must read

आलू लोड करने जा रहे थे तीनों युवक, शनिदेव मंदिर के पास हुआ हादसा

मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। नवाबगंज रोड पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे एक पल्लेदार की मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी रामनिवास कठेरिया का ट्रैक्टर उसका भांजा अभिषेक कुमार (22) पुत्र बबलू, निवासी ग्राम रतनपुर थाना अलाऊ जनपद मैनपुरी चला रहा था। ट्रैक्टर पर उसके साथ मामा का लड़का गौतम पुत्र बेचेलाल निवासी कृष्णा बलराम नगर तथा धीरेंद्र कुमार उर्फ धीरू (20) पुत्र संतराम बाथम सवार थे। तीनों मजदूरी के लिए पल्लेदारी करने जा रहे थे।

बताया गया है कि तीनों कस्बा निवासी चक्रपाल के यहां आलू लोड करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान नवाबगंज रोड पर रोहिला चौराहे से करीब 200 मीटर पहले शनिदेव मंदिर के पास ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद ले जाया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने धीरेंद्र कुमार उर्फ धीरू को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद के लिए रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलने पर कस्बा इंचार्ज सुरेश चाहर तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार मृतक धीरेंद्र सुबह करीब 9 बजे घर से मजदूरी के लिए निकला था। वह छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। मां सत्यवती का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article