ऑटो से टकराईं तीन बाइकें, सात छात्र घायल, दो की हालत गंभीर
औरैया। बोर्ड परीक्षा देने जा रहे छात्रों के साथ रास्ते में बड़ा हादसा हो गया। ऑटो से तीन बाइकों की टक्कर हो जाने से सात छात्र घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना फफूंद थाना क्षेत्र के भाग्यनगर के पास हुई। बताया जा रहा है कि छात्र बाइक से परीक्षा केंद्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ऑटो से टक्कर हो गई, जिसके बाद तीनों बाइकें आपस में भी भिड़ गईं।
हादसे में घायल छात्रों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां पांच छात्रों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। वहीं दो छात्रों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद छात्रों और उनके परिजनों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
बॉक्स
परीक्षा देने जा रहे थे छात्र
बताया जा रहा है कि सभी छात्र बोर्ड परीक्षा देने के लिए परीक्षा केंद्र जा रहे थे। अचानक हुए इस हादसे से परीक्षा देने जा रहे छात्रों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बोर्ड परीक्षा देने जा रहे छात्रों के साथ हादसा


