अमृतपुर फर्रुखाबाद| क्षेत्र में महिलाओं और युवतियों से अभद्रता करने वाले मनचलों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी ई-रिक्शा में बैठकर जा रही लड़कियों पर अश्लील इशारे कर छेड़छाड़ कर रहे थे।प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 मार्च 2026 को उपनिरीक्षक कल्लू सिंह अपने हमराही कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पिथनापुर तिराहे के पास मौजूद कुछ राहगीर महिलाओं ने पुलिस को सूचना दी कि दो युवक सड़क किनारे खड़े होकर आने-जाने वाली महिलाओं और युवतियों की ओर अश्लील गाने बजाकर इशारे कर रहे हैं तथा अभद्र व्यवहार कर रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए उपनिरीक्षक कल्लू सिंह पुलिस टीम के साथ बताए गए स्थान पर पहुंचे। वहां देखा गया कि दो युवक सड़क किनारे खड़े होकर ई-रिक्शा से जा रही युवतियों की ओर अश्लील इशारे कर रहे थे। पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रोहित राजपूत पुत्र अनिल कुमार निवासी गनुआपुर थाना अमृतपुर जनपद फर्रुखाबाद तथा अजयपाल राजपूत पुत्र अजय निवासी मेहदीपुर थाना पाली जनपद हरदोई बताया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाशी ली, हालांकि उनके पास से कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई।
इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
थाना अध्यक्ष रक्षा सिंह ने बताया कि क्षेत्र में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति द्वारा छेड़छाड़, अभद्रता या अश्लील हरकतें किए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे और महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिल सके।
ई-रिक्शा में जा रही युवतियों से छेड़छाड़, पुलिस ने दो मनचलों को दबोचा, मुकदमा दर्ज


