25.8 C
Lucknow
Monday, March 9, 2026

शादी से पहले युवती का शव रेलवे ट्रैक पर मिला, प्रेम प्रसंग व पारिवारिक विवाद की आशंका

Must read

फर्रुखाबाद। कायमगंज क्षेत्र में स्थित कंपिल थाना क्षेत्र के कादरदादपुर सराय गांव में एक 19 वर्षीय युवती का शव सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती के घर में आगामी 21 अप्रैल को होने वाली उसकी शादी की तैयारियां चल रही थीं। सूचना मिलने पर पुलिस और आरपीएफ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार कादरदादपुर सराय गांव निवासी संजीव श्रीवास्तव की 19 वर्षीय पुत्री रेशमा रविवार रात करीब 11 बजे घर से अचानक लापता हो गई थी। परिवार के लोगों ने उसे आसपास काफी तलाश किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह सोतेपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक के किनारे ग्रामीणों ने एक युवती का शव पड़ा देखा। पहचान होने पर परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ चौकी उंचा के प्रभारी सुशील कुमार और कंपिल थाने के दरोगा दिनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के पिता संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि उनकी बेटी रेशमा की शादी कासगंज जनपद के सिढ़पुरा क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में तय हुई थी। रविवार को ही शादी की ‘पीली चिट्ठी’ तैयार कराई गई थी और परिवार में विवाह की तैयारियां शुरू हो चुकी थीं। लेकिन मृतका की मां सोनी का कहना है कि रेशमा इस शादी से खुश नहीं थी। उसका अलीगंज क्षेत्र के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह अक्सर उससे फोन पर बातचीत करती थी।
परिजनों के अनुसार रविवार शाम को उस युवक को गांव में भी देखा गया था। बताया जा रहा है कि रात में जब पिता संजीव अपनी दुकान से घर लौटे तो इसी बात को लेकर घर में कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि परिवार के लोगों के बीच मारपीट भी हो गई। इसी से आहत होकर रेशमा रात करीब 11 बजे घर से निकल गई।
परिवार के लोगों को करीब रात एक बजे उसके घर से गायब होने की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास उसका शव मिलने की सूचना मिलने पर परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे।
मृतका की मां सोनी ने यह भी आरोप लगाया है कि रेशमा के घर से जाने के बाद घर में रखे बक्से से करीब एक लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण भी गायब हैं। इनमें झुमके, कुंडल, पायल और अन्य कीमती गहने शामिल बताए जा रहे हैं। इस कारण परिवार ने मामले में कई तरह की आशंकाएं भी जताई हैं।
कंपिल थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। साथ ही युवती के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article