36 C
Lucknow
Monday, March 9, 2026

गर्मी बढ़ते ही सीएचसी में बढ़ी मरीजों की भीड़, ओपीडी में दवा के लिए लगी लंबी कतारें

Must read

फर्रुखाबाद। राजेपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मौसम में बदलाव और बढ़ती गर्मी के साथ मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा रही है। सोमवार को अस्पताल की ओपीडी में दवा लेने के लिए मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए अस्पताल पहुंच गए, जिसके चलते कई मरीजों को अपनी बारी आने तक काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 10 बजे से लेकर दोपहर 1 बजे तक लगभग 100 से अधिक मरीज ओपीडी में लाइन में खड़े होकर डॉक्टर से परामर्श और दवा लेने का इंतजार करते रहे। अस्पताल में भीड़ बढ़ने के कारण कई मरीजों को करीब एक घंटे तक कतार में खड़े रहना पड़ा।
अस्पताल पहुंचने वाले अधिकतर मरीज बुखार, खांसी, उल्टी, बदन दर्द और कमजोरी जैसी शिकायतों से पीड़ित पाए गए। डॉक्टरों का कहना है कि मौसम में तेजी से हो रहे बदलाव और बढ़ती गर्मी के कारण इस तरह की मौसमी बीमारियां बढ़ रही हैं, जिससे मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
ओपीडी में तैनात डॉक्टर रजत करियार ने बताया कि इन दिनों अस्पताल आने वाले अधिकांश मरीज बुखार और उल्टी की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि मरीजों को आवश्यक जांच और परामर्श देने के साथ-साथ दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही उन्हें साफ-सफाई रखने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचने की सलाह दी जा रही है।
वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉक्टर परमीत राजपूत ने भी माना कि मौसम में बदलाव और बढ़ती गर्मी के कारण मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रशासन की ओर से सभी मरीजों को समय पर दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और इलाज की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है।
डॉ. परमीत राजपूत ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने सलाह दी कि अधिक धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, हल्का और ताजा भोजन करें तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। यदि बुखार, उल्टी या अन्य किसी प्रकार की परेशानी महसूस हो तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर चिकित्सकीय सलाह लें।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article