बदायूं जिले के उझानी क्षेत्र में रविवार सुबह एक किसान का शव खेत में पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामला गंगा की कटरी के गांव सराय स्वाले का है, जहां 43 वर्षीय किसान राजेश कुमार की मौत हो गई। उनके नाक के पास दो संदिग्ध निशान पाए गए, जिसके चलते पुलिस और परिजनों ने सर्पदंश से मौत की आशंका जताई है।
परिजनों के अनुसार राजेश कुमार शनिवार शाम खेतों में गेहूं की फसल को छुट्टा पशुओं से बचाने के लिए कटरी इलाके में गए थे। रविवार सुबह करीब सात बजे उनकी बहन शकुंतला उन्हें चाय देने खेत पहुंची तो राजेश मचान के पास बेहोशी की हालत में पड़े मिले। उनके नाक के पास दो निशान देखकर शकुंतला घबरा गईं और शोर मचाया, जिसके बाद आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों और परिजनों ने तुरंत राजेश को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन वहां चिकित्साधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर कपिल कुमार, चौकी इंचार्ज कछला चौकी पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों का कहना है कि राजेश कुमार को सांप ने नाक के पास डस लिया था, जिससे उनकी मौत हो गई। राजेश चार भाइयों में सबसे छोटे थे और अविवाहित थे। माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। परिवार के लोगों ने बताया कि शनिवार शाम उन्हें खेत पर जाने से मना भी किया गया था, लेकिन वह फसल की रखवाली के लिए चले गए। अचानक हुई उनकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


