35.4 C
Lucknow
Sunday, March 8, 2026

स्टाफ नर्स पर अवैध वसूली और परिजनों से मारपीट का आरोप,

Must read

वीडियो सौंपकर की कार्रवाई की मांग

फर्रुखाबाद| कायमगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां डिलीवरी के बाद एक स्टाफ नर्स पर अवैध रूप से धनराशि मांगने और विरोध करने पर परिजनों के साथ मारपीट व अभद्रता करने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की शिकायत अस्पताल के अधीक्षक से करते हुए दोषी कर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना का एक वीडियो भी परिजनों ने सबूत के रूप में अस्पताल प्रशासन को सौंपा है।
कायमगंज क्षेत्र के गांव गऊटोला निवासी जगतराम पुत्र मूलचंद्र ने अस्पताल प्रशासन को दी गई शिकायत में बताया कि उनकी पुत्रवधू जनदेवी पत्नी विजय राजपूत को प्रसव पीड़ा होने पर 9 मार्च 2026 की रात करीब एक बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया गया था। यहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकीय स्टाफ की देखरेख में जनदेवी की डिलीवरी हुई और उसने एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया।
परिजनों का आरोप है कि प्रसव सकुशल होने के बाद ड्यूटी पर तैनात एक स्टाफ नर्स ने उनसे कार्य के बदले 2100 रुपये की मांग की। परिजनों ने बताया कि उन्होंने अपनी इच्छा से 700 रुपये नर्स को देने की कोशिश की, लेकिन कम रकम मिलने पर वह नाराज हो गई। आरोप है कि नर्स ने गुस्से में आकर दिए गए रुपये फेंक दिए और जगतराम के पुत्र को थप्पड़ मारते हुए उसे डराने-धमकाने लगी।
घटना के दौरान वहां मौजूद अन्य तीमारदारों ने नर्स के व्यवहार और कथित अवैध वसूली के प्रयास का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। जैसे ही नर्स को वीडियो बनाए जाने की जानकारी हुई, वह और अधिक आक्रोशित हो गई। आरोप है कि इसके बाद उसने अन्य लोगों को बुलाकर परिजनों के साथ मारपीट भी कर दी।
परिजनों का यह भी कहना है कि इसी दौरान अस्पताल में मौजूद एक एंबुलेंस चालक ने उनका मोबाइल छीन लिया और उसमें रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो को डिलीट कर दिया। हालांकि परिवार के पास घटना से संबंधित एक अन्य वीडियो सुरक्षित है, जिसे उन्होंने साक्ष्य के तौर पर अस्पताल प्रशासन को सौंप दिया है।
पीड़ित परिवार ने अस्पताल अधीक्षक से लिखित शिकायत करते हुए कहा है कि अस्पताल में इस प्रकार की अवैध वसूली और दुर्व्यवहार से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज के अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है और यह घटना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि संबंधित स्टाफ नर्स को नोटिस जारी कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article