अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एन.पी. सिंह सहित कई पदाधिकारी रोके गए
नोएडा। 8 मार्च को नई दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के कई पदाधिकारियों को हाउस अरेस्ट कर लिया। बताया गया कि संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एन.पी. सिंह सहित कई पदाधिकारियों को पुलिस ने उनके घरों में ही रोक दिया।
जानकारी के अनुसार संगठन से जुड़े कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता नई दिल्ली में आयोजित होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने एहतियाती कदम उठाते हुए उन्हें हाउस अरेस्ट कर दिया।
संगठन के आगरा जिला अध्यक्ष हरिशंकर सिंह जसावत को भी दलबल के साथ हाउस अरेस्ट किए जाने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने इस संबंध में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सांसद कुंवर हरिवंश सिंह को पूरी स्थिति से अवगत कराया।
वहीं मैनपुरी और फर्रुखाबाद में आयोजित कार्यक्रम में संगठन के वरिष्ठ राष्ट्रीय महामंत्री राघवेंद्र सिंह राजू ने कहा कि लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सभी को प्राप्त है और गलत तरीके से शक्ति का उपयोग करना संविधान की भावना के विरुद्ध है।
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर 19 मार्च को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है, जिसका निर्णय संगठन को अपने पक्ष में आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि संगठन को न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।
राघवेंद्र सिंह राजू ने कहा कि यूजीसी से जुड़े मुद्दे पर सवर्ण समाज के साथ अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा खुलकर खड़ी है, लेकिन संगठन किसी भी राजनीतिक दल—बसपा, सपा या कांग्रेस—से समर्थन नहीं चाहता।
उन्होंने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद 22 मार्च को गोरखपुर में सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें संगठन की एकजुटता के साथ आगे की रणनीति तय की जाएगी।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एन.पी. सिंह ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन के लिए नई दिल्ली जाने की तैयारी में थे, लेकिन उन्हें और अन्य पदाधिकारियों को हाउस अरेस्ट कर दिया गया। उन्होंने अपील की कि आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से हो और किसी भी प्रदर्शनकारी की गिरफ्तारी न हो, इस पर केंद्र और प्रदेश सरकार ध्यान दे।
प्रदर्शन से पहले संगठन पदाधिकारियों को किया गया हाउस अरेस्ट


