इटावा। लखनऊ से नई दिल्ली जा रही शताब्दी एक्सप्रेस (12003) शुक्रवार को इटावा स्टेशन पर तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। ट्रेन जब प्लेटफार्म नंबर 1 पर पहुंची, तभी उसके इंजन में अचानक खराबी आ गई, जिससे यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए हलचल मच गई।
जानकारी के अनुसार ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब 2 घंटे 20 मिनट की देरी से इटावा स्टेशन पहुंची थी। स्टेशन पर पहुंचने के बाद इंजन में तकनीकी समस्या सामने आई, जिसके बाद रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए इंजन को ट्रेन से अलग कर दिया।
घटना के बाद रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और इंजन की जांच शुरू कर दी। इस दौरान यात्रियों में भी हल्की अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला, हालांकि रेलवे कर्मचारियों ने स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार तकनीकी खराबी की जांच की जा रही है और जल्द ही वैकल्पिक व्यवस्था कर ट्रेन को आगे रवाना करने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल घटना के कारण कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित हुआ।
शताब्दी एक्सप्रेस का इंजन फेल, यात्रियों में मची हलचल


