लखनऊ। राजधानी के जानकीपुरम थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक जूस की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग लगने से पहले तेज धमाके की आवाज भी सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग घबरा गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते दुकान जलकर पूरी तरह राख हो गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग लगने के दौरान आसपास के लोगों में काफी दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में फायर ब्रिगेड की मदद की।
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या गैस सिलेंडर से जुड़ी किसी तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
इस घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जूस की दुकान में भीषण आग, धमाके से मची अफरा-तफरी


