– संपूर्ण समाधान दिवस में फरियाद लेकर पहुंची थी महिला, दूसरी मंजिल तक चढ़ते समय हालत बिगड़ी
लखनऊ। राजधानी के नगर निगम मुख्यालय में व्यवस्थाओं की पोल उस समय खुल गई जब संपूर्ण समाधान दिवस पर शिकायत लेकर पहुंची एक बुजुर्ग महिला की तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि महिला को दूसरी मंजिल तक सीढ़ियां चढ़नी पड़ीं, जिसके दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई।
जानकारी के अनुसार बुजुर्ग महिला संपूर्ण समाधान दिवस में अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए नगर निगम मुख्यालय पहुंची थीं। लेकिन कई दिनों से नगर निगम की लिफ्ट खराब होने के कारण उन्हें सीढ़ियों से ऊपर जाना पड़ा।
सीढ़ियां चढ़ते-चढ़ते अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद परिवर्तन दल के लोगों ने तुरंत मदद करते हुए महिला को नीचे उतारा और उनकी स्थिति संभाली।
इस घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि यदि लिफ्ट समय पर ठीक होती तो बुजुर्ग महिला को इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नगर निगम की लिफ्ट को जल्द ठीक कराया जाए और आम जनता के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
नगर निगम में लिफ्ट खराब, शिकायत लेकर आई बुजुर्ग महिला की बिगड़ी तबीयत


