फर्रुखाबाद। पवित्र रमजान माह के तीसरे जुमे की नमाज शुक्रवार को नगर की विभिन्न मस्जिदों में अकीदत और सम्मान के साथ अदा की गई। नमाज को लेकर प्रशासन की ओर से कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में नमाजियों ने शांतिपूर्वक मस्जिदों में पहुंचकर जुमे की नमाज अदा की और देश में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी।
शुक्रवार को रमजान का 16वां रोजा होने के कारण तीसरे जुमे का विशेष महत्व रहा। सुबह फज्र की नमाज के बाद से ही रोजेदार जुमे की नमाज की तैयारियों में जुट गए थे। मुस्लिम समाज के लोग साफ-सुथरे कपड़े पहनकर मस्जिदों की ओर जाने की तैयारी करते नजर आए। वहीं कई घरों में महिलाओं ने भी इबादत कर अल्लाह से मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआएं मांगीं।
जुमे की नमाज को लेकर शहर की प्रमुख मस्जिदों के आसपास सुबह से ही चहल-पहल शुरू हो गई थी। जैसे-जैसे नमाज का समय नजदीक आता गया, वैसे-वैसे नमाजियों की भीड़ मस्जिदों की ओर बढ़ने लगी। मुस्लिम बहुल मोहल्लों में विशेष रौनक देखने को मिली और बच्चे-बुजुर्ग सभी नमाज के लिए तैयार होकर मस्जिदों की ओर जाते नजर आए।
सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय और शहर कोतवाल दर्शन सिंह की निगरानी में शहर की प्रमुख मस्जिदों के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया था। संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी गई, जिससे नमाज शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
नमाज के दौरान इमामों ने रोजेदारों को रमजान की अहमियत बताते हुए भाईचारे, सद्भाव और एकता का संदेश दिया। नमाज के अंत में देश और समाज की खुशहाली के लिए विशेष दुआएं की गईं। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर रमजान की मुबारकबाद दी।
जुमे की नमाज के बाद बाजारों में भी काफी चहल-पहल देखने को मिली। लोग ईद की तैयारियों को लेकर खरीदारी करते नजर आए। कपड़ों, जूतों, टोपी और रोजमर्रा की जरूरत के सामान की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही।


