मोहम्मदाबादl कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शेखपुर में गुरुवार 6 मार्च की रात्रि लगभग 2 बजे एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम शेखपुर निवासी अनीस की 25 वर्षीय पत्नी जूली गुरुवार की रात अपनी सास और चचिया सास के साथ घर में होली के त्योहार को लेकर गुजिया बना रही थी। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गई और पति के साथ भोजन कर सो गई। रात्रि लगभग 2 बजे उसने कमरे में छत के पंखे के कड़े में साड़ी के सहारे फांसी लगा ली। इसी दौरान साड़ी खुल जाने से वह नीचे बिस्तर पर गिर गई, जिससे पति अनीस की नींद खुल गई। परिजन आनन-फानन में उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना डायल 112 को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला तथा चौकी प्रभारी लक्ष्मण सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। बाद में क्षेत्राधिकारी (डीएसपी) अजय वर्मा व मजिस्ट्रेट सन्नी कन्नौजिया भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
मजिस्ट्रेट सन्नी कन्नौजिया की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताया गया है कि जूली की शादी 15 फरवरी 2023 को हुई थी। उसके दो वर्ष का एक पुत्र और आठ माह की एक पुत्री है। घटना के बाद सास शशिकला का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका के भाइयों सन्नी, राहुल और शिवम ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट होने की भी बात सामने आई है।
क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने फौती सूचना दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम को भेजा


