फर्रुखाबाद। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम गांगुली हैदराबादपुर में रविवार को दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान हुए चाकू के हमले में 19 वर्षीय बीएससी छात्र वैभव की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर वैभव के पिता और पड़ोसी राजेश के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन शाम को दोनों पक्षों के बीच दोबारा बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और माहौल गरमा गया।
परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान राजेश ने वैभव पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू का वार उसके पेट में लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण तुरंत उसे उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मऊदरवाजा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हल्का इंचार्ज को मौके पर तैनात किया गया है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
युवक की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल देखा जा रहा है। पुलिस प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सतर्क है।


