32.7 C
Lucknow
Monday, March 2, 2026

तेज रफ्तार ट्रक का कहर, 25 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत

Must read

फर्रुखाबाद। जनपद के कायमगंज कस्बे में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। कायमगंज रेलवे स्टेशन के निकट तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 25 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और काफी देर तक सड़क पर जाम जैसे हालात बने रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कासगंज जनपद के सुन्नगढ़ी थाना क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय रुही पत्नी साहिल अपने पिता बबलू कुरैशी के साथ दवा लेने कायमगंज आ रही थीं। बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बाइक रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पीछे बैठी रुही सड़क पर जा गिरीं और दुर्भाग्यवश ट्रक के पिछले पहिये के नीचे आ गईं। हादसा इतना भयावह था कि उनका सिर बुरी तरह कुचल गया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बाइक चला रहे पिता बबलू कुरैशी भी सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, ट्रक को कब्जे में लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घायल पिता को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
इस हृदयविदारक घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। रुही अपने पीछे दो मासूम बेटियां—माहेनूर और अनाविया—छोड़ गई हैं, जिनके सिर से मां का साया उठ गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article