21.8 C
Lucknow
Sunday, March 1, 2026

हेलमेट न लगाने वाले दोपहिया चालकों पर कसेगा शिकंजा, सख्त अभियान की तैयारी

Must read

फर्रुखाबाद। जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं और उनमें हो रही मौतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने अब सख्त रुख अपना लिया है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट न पहनने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालान के साथ-साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।

इस संबंध में फतेहगढ़ पुलिस लाइन स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें यातायात सीओ अभय वर्मा एवं यातायात प्रभारी सतेंद्र कुमार ने जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शशिभूषण दीक्षित, जिलामहासचिव कुँवर सिंह तथा अन्य अधिवक्ताओं के साथ विस्तार से चर्चा की। बैठक का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाना और आमजन का सहयोग प्राप्त करना था।

यातायात सीओ अभय वर्मा ने कहा कि बीते माह में हुई सड़क दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान गई है, जिनमें अधिकांश मामलों में हेलमेट न पहनना प्रमुख कारण रहा। उन्होंने बताया कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य है, इसके बावजूद कई लोग नियमों की अनदेखी कर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। ऐसे में अब पुलिस सख्ती बरतेगी और नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।

यातायात प्रभारी सतेंद्र कुमार ने अधिवक्ताओं से अपील की कि वे आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि केवल पुलिस कार्रवाई से ही समस्या का समाधान संभव नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग को मिलकर सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभानी होगी।

बैठक के दौरान जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शशिभूषण दीक्षित एवं जिलामहासचिव कुँवर सिंह ने भी सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट जैसे नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। साथ ही उन्होंने शहर की प्रमुख सड़कों पर बने गड्ढों की मरम्मत तथा प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई। अधिवक्ताओं का कहना था कि खराब सड़कें और अपर्याप्त रोशनी भी दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रही हैं, जिन पर तत्काल ध्यान दिया जाना चाहिए।

अधिवक्ताओं ने सुझाव दिया कि स्कूल-कॉलेजों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि युवाओं को यातायात नियमों के प्रति सचेत किया जा सके। साथ ही प्रमुख चौराहों पर बैनर और होर्डिंग लगाकर भी लोगों को हेलमेट के महत्व के बारे में बताया जाए।
बैठक के अंत में यह निर्णय लिया गया कि जल्द ही जिले भर में व्यापक स्तर पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वालों का चालान किया जाएगा और बार-बार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article