फर्रुखाबाद। नगर की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था अभिव्यंजना के तत्वावधान में छायावादी युग की महान कवयित्री महादेवी वर्मा की जयंती पर इस वर्ष भी भव्य आयोजन किया जाएगा। फाल्गुनी पूर्णिमा के पावन अवसर पर सोमवार प्रातः 9 बजे रेलवे रोड स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित होगा।
संस्था के संयोजक संजय गर्ग तथा पदाधिकारी भूपेंद्र प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी उपस्थित रहेंगे। उनके साथ नगर एवं जनपद के अनेक साहित्यकार, कवि, शिक्षाविद और साहित्य प्रेमी बड़ी संख्या में सहभागिता करेंगे। आयोजन को लेकर साहित्यिक जगत में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित साहित्यकार महादेवी वर्मा के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। वक्ताओं द्वारा उनके साहित्यिक अवदान, मानवीय संवेदनाओं से ओत-प्रोत काव्यधारा तथा नारी चेतना के स्वर पर प्रकाश डाला जाएगा। संस्था पदाधिकारियों ने नगरवासियों एवं साहित्य प्रेमियों से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।
गौरतलब है कि वर्ष 1907 में महादेवी वर्मा का जन्म नगर के गणेश प्रसाद मोहल्ले में हुआ था। उनका बाल्यकाल मध्य प्रदेश में व्यतीत हुआ, जबकि वैवाहिक जीवन उन्होंने इलाहाबाद (वर्तमान प्रयागराज) में बिताया। किंतु जन्मभूमि से उनका गहरा आत्मिक संबंध बना रहा। यही कारण है कि नगर के साहित्यकार उन्हें अपनी प्रेरणा-श्रोत मानते हैं और उनकी जयंती को साहित्यिक उत्सव के रूप में मनाते हैं।
महादेवी वर्मा हिंदी साहित्य के छायावादी युग की प्रमुख स्तंभ मानी जाती हैं। उनकी रचनाओं में करुणा, संवेदना, आध्यात्मिकता और नारी अस्मिता की सशक्त अभिव्यक्ति मिलती है। वे केवल कवयित्री ही नहीं, बल्कि शिक्षाविद, समाजसेवी और साहित्यिक चेतना की अग्रदूत भी थीं। हिंदी साहित्य को वैश्विक पहचान दिलाने में उनका योगदान अविस्मरणीय है।
नगर में लंबे समय से सक्रिय साहित्यिक संस्थाएं महादेवी वर्मा की स्मृति को जीवंत बनाए रखने के लिए समय-समय पर गोष्ठियों, काव्य पाठ और विचार विमर्श का आयोजन करती रही हैं। जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम न केवल उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर है, बल्कि नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि महादेवी वर्मा जैसी विभूतियां किसी एक शहर या प्रदेश की नहीं, बल्कि समूचे राष्ट्र की धरोहर होती हैं। उनका जीवन और साहित्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बना रहेगा।
डा. अंबर के निवास पर होगी श्रद्धा समर्पण संगोष्ठी
फर्रुखाबाद। महीयसी महादेवी वर्मा जयंती के मौके पर देश के जाने-माने कवि मंच संचालक साहित्यकार डॉ शिव ओम अंबर के निवास पर श्रद्धा समर्पण गोष्ठी का आयोजन सोमवार को महादेवी स्मृति पीठ के तत्वावधान में सुबह ग्यारह बजे से एक बजे तक होगा।
यह जानकारी देते हुए डा.अंबर ने ने बताया कि इस मौके पर युवा साहित्यकार राघव शुक्ला की पुस्तक का विमोचन होगा। वरिष्ठ कवियत्री भावना ने भी स्वीकृति प्रदान की है। इसके अलावा संस्था के कवि काव्यपाठ करेंगे।


