33.4 C
Lucknow
Sunday, March 1, 2026

प्रेम प्रसंग में दो नाबालिगों ने दी जान : पेड़ से लटके मिले किशोर-किशोरी के शव

Must read

इटावा| बकेवर क्षेत्र के गोपियापुर गांव में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक पेड़ से किशोर और किशोरी के शव लटके हुए देखे। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग में आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलते ही बकेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। क्षेत्राधिकारी व अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीश्चंद्र ने बताया कि मृतक किशोर कक्षा 11 का छात्र था, जबकि किशोरी कक्षा 10 में पढ़ती थी। दोनों की उम्र करीब 17 वर्ष बताई जा रही है। किशोरी पड़ोसी गांव की रहने वाली थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों की पहचान करवाखेड़ा क्षेत्र के एक स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। वहीं से दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। किशोरी के परिजनों को जब दोनों के संबंधों की जानकारी हुई तो उन्होंने उसकी पढ़ाई कक्षा 10 के बाद बंद करा दी थी, जिससे दोनों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी।
घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ में प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। साथ ही कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण।
गांव में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है। दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों अक्सर एक-दूसरे से बात करते देखे जाते थे, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि मामला इतना गंभीर मोड़ ले लेगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू पर गहनता से जांच की जा रही है और यदि किसी प्रकार की साजिश या दबाव की बात सामने आती है तो उसके अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article