32.6 C
Lucknow
Saturday, February 28, 2026

होली पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की मांग, सौहार्द बिगाड़ने वालों पर सख्ती की अपील

Must read

फर्रुखाबाद। रंगों के पर्व होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर लोकतंत्र सेनानी संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वक्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि त्योहार के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जाए और अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो।

बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के अध्यक्ष चंद्रपाल वर्मा ने कहा कि होली आपसी भाईचारे और प्रेम का पर्व है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा इस पावन अवसर पर शराब सेवन कर हुड़दंग मचाने की घटनाएं सामने आती रही हैं। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से होलिका दहन स्थलों के आसपास देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजाए जाते हैं, जिससे माहौल बिगड़ता है और आमजन को असुविधा का सामना करना पड़ता है। कई बार रंग खेलने के नाम पर जबरन रंग डालने, छींटाकशी करने और विरोध करने पर अपमानित करने जैसी घटनाएं भी सामने आती हैं, जो त्योहार की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे अराजक तत्वों की पहले से पहचान कर निगरानी की जाए और जरूरत पड़ने पर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

चंद्रपाल वर्मा ने यह भी कहा कि वर्तमान में बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं, ऐसे में देर रात तक तेज ध्वनि में डीजे बजाना परीक्षार्थियों के लिए बड़ी समस्या बन रहा है। विद्यार्थियों में भय और असहजता का वातावरण उत्पन्न होता है, जिससे उनकी तैयारी प्रभावित होती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ध्वनि प्रदूषण पर सख्ती से रोक लगाई जाए और निर्धारित समय के बाद डीजे संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाए।

बैठक में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी होली को मर्यादित और अनुशासित ढंग से मनाने पर बल दिया। राम मुरारी शुक्ला, पंकज, महेश चंद्र और गोपीचंद मिश्रा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि त्योहारों की आड़ में कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। समाज के जिम्मेदार नागरिकों को भी आगे आकर शांति और सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करना चाहिए।

बैठक की अध्यक्षता चंद्रपाल वर्मा ने की, जबकि संचालन पूर्व प्रधानाचार्य राम मुरारी शुक्ला द्वारा किया गया। अंत में सभी सदस्यों ने एक स्वर में होली को प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता के साथ मनाने का संकल्प लिया तथा प्रशासन से प्रभावी और दृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article