नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आयोजित एआई शिखर सम्मेलन के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन के मामले में अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी कुबेर मीणा को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है, जबकि भूदेव शर्मा की हिरासत दो दिन के लिए बढ़ा दी गई है। दोनों आरोपियों को आधी रात को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां सुनवाई के बाद यह आदेश पारित किया गया।
यह पूरा मामला राजधानी स्थित भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ‘इंडिया एआई इंपैक्ट समिट’ के दौरान हुए हंगामे से जुड़ा है। सम्मेलन में देश-विदेश के प्रतिनिधिमंडल, उद्योग जगत के दिग्गज और सरकारी अधिकारी मौजूद थे। इसी बीच इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अचानक विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे आयोजन स्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारी क्यूआर कोड के माध्यम से हॉल संख्या-5 के लॉबी क्षेत्र में पहुंचे और वहां नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ कार्यकर्ताओं ने स्वेटर और जैकेट उतारकर टी-शर्ट के जरिए राजनीतिक संदेश प्रदर्शित किए। उनकी टी-शर्ट पर नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रम्प की तस्वीरों के साथ विभिन्न नारे लिखे थे। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कुल 14 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था।
इसी मामले में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानू चिब को अदालत से जमानत मिल चुकी है। हालांकि कुबेर मीणा और भूदेव शर्मा की भूमिका को लेकर पुलिस ने अदालत से विस्तृत पूछताछ के लिए अतिरिक्त समय मांगा था, जिसे आंशिक रूप से स्वीकार किया गया।
उधर, गिरफ्तारी और हिरासत के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में क्राइम ब्रांच कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार पर राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाया और नारेबाजी की। पुलिस ने एहतियातन अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में रखा।
अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन में हुए इस विरोध प्रदर्शन ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और राजनीतिक तापमान दोनों को गरमा दिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है और सुरक्षा में संभावित चूक की भी समीक्षा की जा रही है।
कुबेर मीणा की 5 दिन की पुलिस हिरासत, भूदेव शर्मा की कस्टडी बढ़ी; दिल्ली में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन


